कांग्रेस ने दो बार 90% से ज्यादा सीटें जीतीं, भाजपा को राम लहर से ज्यादा सीटें मोदी लहर में मिलीं


नई दिल्ली. पहले लोकसभा चुनाव से लेकर 16वें चुनाव तक कांग्रेस, भाजपा समेत अन्य प्रमुख दलों को मिलीं सीटों में बड़ा अंतर आया है। कांग्रेस जहां 90% से घटकर 9% सीटों पर आ गई, वहीं भाजपा ने 1984 से 2014 के बीच अपनी सीटें 0.3% से बढ़ाकर 52% तक पहुंचा दीं। आजादी के बाद पहली बार 2004 में वाम दल सबसे बेहतर प्रदर्शन कर सके। वहीं, 2014 का चुनाव द्रमुक (0), बसपा (0) और सपा (5) के लिए सबसे निराशाजनक रहा। वहीं, अन्नाद्रमुक (37) और तृणमूल (34) ने मोदी लहर के बावजूद पिछले चुनाव में अपना अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन किया। पहली बार में ही सत्ता तक पहुंचने का रिकॉर्ड कांग्रेस के बाद जनता पार्टी और जनता दल का रहा। जनता पार्टी ने 1977 और जनता दल ने 1989 में सरकार बनाई। हालांकि, बाद में दोनों दल टूट गए।

कांग्रेस: 1957 में 1984 से भी अच्छा सक्सेस रेट था, 2014 में सबसे कम सीटें मिलीं
1952 में हुए पहले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को 90% यानी 401 में से 364 सीटें मिली थीं। 1957 में दूसरे चुनाव में उसने 403 में से 371 यानी 92% सीटें जीतीं। इंदिरा गांधी की हत्या के बाद 1984 में हुए चुनाव में कांग्रेस का तीसरा सबसे अच्छा प्रदर्शन रहा। इसमें पार्टी को 543 में से 76% यानी 415 सीटें मिलीं। इसके बाद कांग्रेस की सीटें घटती गईं। सिर्फ एक बार 2009 में उसने 200+ का आंकड़ा पार किया और 206 सीटें जीतीं। इसके बाद 2014 में कांग्रेस को महज 44 सीटें मिलीं, यह कुल सीटों का महज 8% हिस्सा थी। देश के चुनावी इतिहास में कांग्रेस का यह सबसे खराब प्रदर्शन था।

भाजपा को सबसे ज्यादा सीटों तक पहुंचने में 30 साल लगे, 10 साल में उसकी सीटें दोगुनी हुईं
जनसंघ के जनता पार्टी में विलय और फिर इसके टूटने के बाद 1980 में भाजपा अस्तित्व में आई। पार्टी ने 1984 में पहला चुनाव लड़ा और 2 सीटों पर जीत हासिल की। 1989 के चुनाव में भाजपा राम मंदिर को मुद्दा बना चुकी थी। उसने इस चुनाव में 86 यानी 15% सीटें हासिल कीं और नेशनल फ्रंट सरकार को समर्थन दिया। इसी बीच, लालकृष्ण आडवाणी ने रथ यात्रा निकाली। 1991 में दोबारा चुनाव हुए और भाजपा की सीटें बढ़कर 120 यानी 22% हो गईं। 1996 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को 161, 1998 में 1982 और 1999 में 182 सीटें मिलीं। 2004 में उसकी सीटें घटकर 138 हो गईं। 2009 में सीटें और भी कम होकर 116 पर आ गईं। लेकिन 2014 में उसने अपनी सबसे ज्यादा 282 सीटें हासिल कीं। यह कुल सीटों के मुकाबले 52% थीं।

जनता पार्टी : दो साल में शीर्ष से उतरी
इमरजेंसी के बाद 1977 में हुए चुनाव में इंदिरा विरोधी कई दलों ने एकजुट होकर जनता पार्टी बनाई। इसमें जनसंघ, भारतीय लोकदल, कांग्रेस (ओ) जैसी प्रमुख पार्टियां शामिल थीं। 41% वोटों के साथ जनता पार्टी ने अपने पहले ही चुनाव में 295 सीटें जीतीं। इमरजेंसी के खिलाफ लोगों का गुस्सा और विपक्षी एकजुटता इस चुनाव में पार्टी की जीत का बड़ा कारण रही।

महज 2 साल में ही जनता पार्टी अपने अर्श से फर्श पर पहुंच गई। नेताओं के बीच मतभेद हुए और पार्टी टूट गई। मोरारजी देसाई को पद छोड़ना पड़ा और चौधरी चरण सिंह कांग्रेस के समर्थन से प्रधानमंत्री बने। जनता पार्टी के टूटने के बाद बड़े चेहरों ने अपने-अपने दल बनाए। इसके बाद 1996, 1999 और 2004 के चुनाव में पार्टी को एक भी सीट नसीब नहीं हुई। 2013 में पार्टी का भाजपा में विलय हो गया।

जनता दल : पहले चुनाव में ही सत्ता, फिर लगातार पतन
वीपी सिंह ने जन मोर्चा, जनता पार्टी, लोकदल और कांग्रेस-एस को एकजुट कर 1988 में जनता दल की नींव रखी। 1989 के चुनाव में पार्टी को 143 सीटें हासिल हुईं। भाजपा और लेफ्ट के समर्थन से जनता दल की सरकार बनी। यह जनता दल का सबसे अच्छा प्रदर्शन था। 1996 के चुनाव के बाद जनता दल टूटने लगा। 1998 में पार्टी को महज 6 सीटें मिलीं। 1999 के चुनाव के पहले पार्टी पूरी तरह खत्म हो गई। इसमें शामिल बड़े चेहरों ने जदयू, जेडीएस, राजद, बीजद जैसे दल बनाए।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें


Loksabha Election 2019: Congress Won 90% Seats in 2 Election, BJP gain More Seats in Modi wave during Lok Sabha Chunav