कार्यकर्ताओं ने प्रियंका से रायबरेली से चुनाव लड़ने को कहा, वह बोलीं-वाराणसी से लडूं क्या?


रायबरेली.कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के लोकसभा चुनाव लड़ने की अटकलें एक बार फिर तेज हो गई हैं। गुरुवार को चुनाव प्रचार के सिलसिले में जब वह रायबरेली पहुंची तो कार्यकर्ताओं ने उनसे रायबरेली या अमेठी से चुनाव लड़ने के लिए कहा। इस पर प्रियंका ने हल्के अंदाज में पूछा-वाराणसी से चुनाव लड़ूं क्या?उत्तरप्रदेश के तीन दिन के दौरे पर को पहुंचीं प्रियंका ने इससे पहले बुधवार को अमेठी में कहा था कि पार्टीउनसे चुनाव लड़ने के लिए कहेगी तो वह इसके लिए तैयार हैं। अगर वह चुनाव नहीं भी लड़ीं तो पार्टी के लिए काम करती रहेंगी।

प्रियंका के इस बयान से अंदाजा लगाया जा रहा है कि अगर कांग्रेस उन्हें वाराणसी से पीएम मोदी के खिलाफ उतारती हैं तो वह पीछे नहीं हटेंगी। हालांकि, अब तक प्रियंका के चुनाव लड़ने पर स्थिति साफ नहीं है। उत्तरप्रदेश के अमेठी सेराहुल और रायबरेली से उनकी मां सोनिया गांधी पहले से ही चुनाव मैदान में हैं।

रायबरेली में पोस्टर लगाकर प्रियंका का विरोध

इसी बीच रायबरेली में विपक्षी पार्टियों ने पोस्टर लगाकर सोनिया और प्रियंका का विरोध किया है। इनमें कहा गया है कि मां-बेटी ने परेशानी के समय में रायबरेली के लोगों पर ध्यान नहीं दिया। एक और पोस्टर में कहा गया है कि प्रियंका सिर्फ चुनाव के समय ही मंदिरों में देखी जाती हैं।

प्रयागराज से वाराणसी तक की गंगा यात्रा
इससे पहले प्रियंका ने 18 मार्च को प्रयागराज के मनैया घाट से गंगा यात्रा की शुरूआत की थी। इस दौरान उन्होंने सॉफ्ट हिंदुत्व के जरिए भाजपा को घेरा। उन्होंने संगम पर बड़े हनुमान की पूजा-अर्चना की तो अक्षयवट के दर्शन किए थे। प्रियंका ने बोट यात्रा कर मंदिर से लेकर मजार पर गई थी। वाराणसी में भी उन्होंने पूजा-अर्चना की और लोगों से मुलाकात की थी।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें


Priyanka Gandhi to plea to fight from Rae Bareli, she said- Why not Varanasi,