‘जब इसरो साइकिल से पार्ट्स ढो रहा था तो गांधी परिवार प्लेन में पार्टी मना रहा था..’ इस मैसेज के साथ वायरल हो रही है तस्वीर


नेशनल डेस्क. भारत ने अंतरिक्ष में सुरक्षा के लिए बुधवार को एंटी सैटेलाइट टेक्नोलॉजी का सफल परीक्षण कर लिया। इसी के साथ भारत ऐसा करने वाला चौथा देश बन गया। मिशन शक्ति के पूरा होने की घोषणा के बाद से सोशल मीडिया पर एक फोटो वायरल हो रही है। शेयर की गई फोटो में एक ओर इसरो के कर्मचारी साइकिल पर रॉकेट लेकर जाते दिख रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी अपने परिवार के साथ किसी एयरक्राफ्ट में बैठी नजर आ रही हैं। फोटो में इंदिरा गांधी के साथ राहुल, प्रियंका और सोनिया गांधी भी दिखाई दे रही हैं। सामने टेबल पर एक केक रखा हुआ नजर आ रहा है। फोटो के साथ दावा किया जा रहा है कि जब इसरो रॉकेट के हिस्सो को साइकिल पर ढो रहा था। तब इंदिरा गांधी चार्टर्ड फ्लाइट में पोते राहुल का जन्मदिन मना रही थी।

क्या है तस्वीर के पीछे का सच :शेयर की जा रही फोटो दो अलग अलग तस्वीरों को जोड़ कर बनाई गई है। दोनों तस्वीरों को अलग-अलग करके गूगल रिवर्स इमेज टूल की मदद से पड़ताल करने से पता चला कि भारत का पहला रॉकेट 1963 में लॉन्च किया गया था। साइकिल पर रॉकेट ले जाने वाली तस्वीर भी 1963 की है। जबकि राहुल गांधी का जन्म ही 1970 में हुआ था। बर्थडे की फोटो सर्च करने पर हमें टाइम्स नाउ न्यूज की एक खबर मिली, जहां बताया गया है कि राहुल गांधी के जन्मदिन की तस्वीर 1977 की है।

सबूत :इसरो की ऑफिशियल वेबसाइट पर जानकारी दी गई है कि भारत का पहला साउंडिग रॉकेट 21 नवंबर 1963 को लॉन्च किया गया था।

-वहीं राहुल गांधी का जन्म 19 जून 1970 को हुआ था। मतलब यह कि पहले रॉकेट लॉन्च के समय राहुल गांधी का जन्म भी नहीं हुआ था। जबकि वायरल फोटो में राहुल करीब 7-8 साल के लग रहे हैं। गूगल सर्च पर हमें टाइम्स नाउ न्यूज की एक लिंक मिली। जिसमें इस फोटो का इस्तेमाल किया गया है। इसमें बताया गया है कि फोटो 1977 की है, जब इंदिरा गांधी ने राहुल का जन्मदिन चार्टर्ड प्लेन में मनाया था।

निष्कर्ष :वायरल पोस्ट की दोनों फोटोज में करीब 15 साल का अंतर है। इसरो के साइकिल पर रॉकेट ले जाने की तस्वीर 1963 की है। मजे की बात यह है कि 1963 में जन्मदिन मनाना तो दूर राहुल का जन्म ही नहीं हुआ था। राहुल 1970 में पैदा हुए हैं और राहुल गांधी के जन्मदिन की फोटो 1977 की है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें


ISRO was carrying rocket’s part in cycle, Gandhi family was celebrating birthday in plane