भाजपा के लिए गुरुवार को आई एक और खुशखबरी, पार्टी ने बिना चुनाव लड़े जीत ली तीसरी विधानसभा सीट


नेशनल डेस्क (ईटानगर). देश में लोकसभा और चार राज्यों की विधानसभा के लिए होने वाले चुनावों से पहले ही भारतीय जनता पार्टी ने तीन विधानसभा सीटें जीत ली हैं। पार्टी ने ये तीनों सीटें अरुणाचल प्रदेश में जीती हैं, जहां लोकसभा के साथ ही विधानसभा चुनाव भी होना है। खास बात ये है कि पार्टी ने ये सभी सीटें बिना चुनाव लड़े जीती हैं। इनमें से दो सीटें तो 26 मार्च को ही पार्टी के खाते में आ गई थी, वहीं तीसरी सीट उसे गुरुवार को मिली। इस बारे में केंद्रीय मंत्री और अरुणाचल प्रदेश से भाजपा सांसद किरण रिजिजू ने एक ट्वीट करके बताया।

– रिजिजू ने ट्वीट करते हुए लिखा कि, ‘भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई। अरुणाचल प्रदेश की 4-दिरांग विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार श्री फुरपा शेरिंग निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। इनके साथ ही भाजपा के 3 विधानसभा उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं।’
– भाजपा को मिली इस जीत को लेकर भाजपा महासचिव राम माधव ने भी गुरुवार को ट्वीट करते हुए जानकारी दी। उन्होंने लिखा, ‘भारतीय जनता पार्टी ने अरुणाचल प्रदेश में तीसरी विधानसभा सीट जीत ली है। भाजपा उम्मीदवार फुरपा शेरिंग दिरांग सीट से बिना चुनाव लड़े जीत गए हैं। क्योंकि उनके खिलाफ खड़े हो रहे दो अन्य उम्मीदवारों ने अपना नामांकन वापस ले लिया है।’
– इससे पहले 26 मार्च को प्रदेश की आलो ईस्ट विधानसभा सीट और याचुली विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ था। इनमें से आलो ईस्ट विधानसभा सीट से पार्टी उम्मीदवार केंटो जिनी निर्विरोध चुने गए थे, वहीं 16-याचुली सीट से ताबा तेदिर निर्विरोध चुने गए थे।
– कोई और उम्मीदवार नहीं बाकी रहने की वजह से भाजपा कैंडिडेट चुनावी दौड़ में अकेले रह गए। जिसके बाद उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। बता दें कि अरुणाचल प्रदेश में 11 अप्रैल को लोकसभा के साथ ही विधानसभा की 60 सीटों के लिए भी मतदान होना था। जो कि अब 57 सीटों के लिए होगा।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें


Ram Madhav twitted BJP has won 3rd Assembly seat in Arunachal. Phurpa Tsering won from Dirang seat uncontested after two other candidates have withdrawn their nominations