पटना. बिहार में महागठबंधन ने लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों का शुक्रवार को ऐलान कर दिया। पाटलिपुत्र से लालू प्रसाद यादव की बेटी मीसा भारती, मधेपुरा से शरद यादव और सारण से तेजप्रताप (लालू के बड़े बेटे) के ससुर चंद्रिका राय को टिकट दिया।राजद 19, कांग्रेस 9, रालोसपा 5, हम-वीआईपी 3-3 और राजद के कोटे से सीपीआई-एमएल एक सीट पर चुनाव लड़ेंगी।
उधर,कांग्रेस ने भी12 उम्मीदवारों की सूची जारी की।बिहार की चार में से तीन सीटों पर महिलाओं को टिकट दिया गया।सासाराम से पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, सुपौल से वर्तमान सांसद और बाहुबली पप्पू यादव की पत्नी रंजीत रंजन को टिकट दिया गया। मुंगेर से नीलम देवी कांग्रेस प्रत्याशी होंगी। नीलमपूर्व जेडीयू विधायक और बाहुबली अनंत सिंह की पत्नी हैं। वहीं, समस्तीपुर से डॉ. अशोक कुमार कांग्रेस प्रत्याशी होंगे।
मीसा के टिकट पर था लालू परिवार में घमासान
पाटलिपुत्र सीट से मीसा भारती को लेकर लालू परिवार के अंदर ही खींचतान मची थी। सूत्रों के मुताबिक, तेजस्वी मीसा को यहां से सीट नहीं देना चाहते थे। वहीं, तेजप्रताप मीसा के समर्थन में थे। विवाद के चलते ही मीसा को राजद का स्टार कैंपेनर नहीं नहीं बनाया गया। आखिरकार राजद ने इस सीट से मीसा के टिकट को ही फाइनल कर दिया।
कीर्ति आजाद और शत्रुघ्न के लिए रोकी गईं पटना साहिब और वाल्मीकि नगर सीटें
कांग्रेस ने अपने कोटे की नौसीटों में से सात पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। वाल्मीकि नगर और पटना साहिब सीट पर उम्मीदवारों का ऐलान नहीं हुआ है। कहा जा रहा है कि कांग्रेस पटना साहिब से शत्रुघ्न सिन्हा को उतार सकती है। वहीं, भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए कीर्ति आजाद को वाल्मीकि नगर से उतारा जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने कीर्ति को दरभंगा से टिकट देने का वादा किया था। महागठबंधन में हुई सीट शेयरिंग के बाद यह सीट राजद के खाते में चली गई। राजद ने यहां से बिहार सरकार में वित्त मंत्री रहे अब्दुल बारी सिद्दीकी को टिकट दिया है।
तेजस्वी ने नहीं मानी तेजप्रताप की मांग
लालू के बड़े बेटे तेजप्रताप ने मीडिया से कहा था कि उन्होंने राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष और अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव से बात करके अंगेश सिंह के लिए शिवहर और चंद्रप्रकाश यादव के लिए जहानाबाद सीट की मांग की थी। शुक्रवार को हुए सीटों के ऐलान में शिवहर से तो कोई प्रत्याशी घोषित नहीं किया गया, लेकिन जहानाबाद सीट से चंद्रप्रकाश को टिकट न देकर सुरेंद्र यादव के नाम का ऐलान किया गया है।
महागठबंधन: किस पार्टी को कौन सी सीट
| सीट | महागठबंधन उम्मीदवार | पार्टी | 2014 में कौन जीता | 
| वाल्मीकि नगर | बाद में घोषणा होगी | कांग्रेस | भाजपा | 
| पश्चिम चंपारण | बाद में घोषणा होगी | रालोसपा | भाजपा | 
| पूर्वी चंपारण | बाद में घोषणा होगी | रालोसपा | भाजपा | 
| शिवहर | बाद में घोषणा होगी | राजद | भाजपा | 
| सीतामढ़ी | अर्जुन राय | राजद | रालोसपा | 
| मधुबनी | बाद में घोषणा होगी | वीआईपी | भाजपा | 
| झंझारपुर | गुलाब यादव | राजद | भाजपा | 
| सुपौल | रंजीत रंजन | कांग्रेस | कांग्रेस | 
| अररिया | सरफराज आलम | राजद | राजद | 
| किशनगंज | मो. जावेद | कांग्रेस | कांग्रेस | 
| कटिहार | तारिक अनवर | कांग्रेस | राकांपा | 
| पूर्णिया | उदय सिंह | कांग्रेस | जदयू | 
| मधेपुरा | शरद यादव | राजद | राजद | 
| दरभंगा | अब्दुल बारी सिद्धिकी | राजद | भाजपा | 
| मुजफ्फरपुर | डॉ. राजभूषण चौधरी | वीआईपी | भाजपा | 
| वैशाली | रंघुवंश प्रसाद सिंह | राजद | लोजपा | 
| गोपालगंज | सुरेंद्रराम उर्फ महंतजी | राजद | भाजपा | 
| सिवान | हिना सहाब | राजद | भाजपा | 
| महाराजगंज | रंधीर सिंह | राजद | भाजपा | 
| सारन | चंद्रिका राय | राजद | भाजपा | 
| हाजीपुर | शिवचंद्र | राजद | लोजपा | 
| उजियारपुर | बाद में घोषणा होगी | रालोसपा | भाजपा | 
| समस्तीपुर (एससी) | अशोक राम | कांग्रेस | लोजपा | 
| बेगुसराय | तनवीर हसन | राजद | भाजपा | 
| खगड़िया | मुकेश साहनी | वीआईपी | लोजपा | 
| भागलपुर | बल्लू मंडल | राजद | राजद | 
| बांका | जयप्रकाश यादव | राजद | राजद | 
| मुंगेर | नीलम देवी | कांंग्रेस | लोजपा | 
| नालंदा | अशोक कुमार आजाद | हम | जदयू | 
| पटना साहिब | बाद में घोषित होगी | कांग्रेस | भाजपा | 
| पाटलीपुत्र | मीसा भारती | राजद | भाजपा | 
| आरा | बाद में घोषित होगी | सीपीआई एमएल | भाजपा | 
| बक्सर | जगदानंद सिंह | राजद | भाजपा | 
| सासाराम (एससी) | मीरा कुमार | कांग्रेस | भाजपा | 
| काराकाट | बाद में घोषणा होगी | रालोसपा | रालोसपा | 
| जहानाबाद | सुरेंद्र यादव | राजद | रालोसपा | 
| औरंगाबाद | उपेंद्र प्रसाद | हम | भाजपा | 
| गया (एससी) | जीतन राम मांझी | हम | भाजपा | 
| नवादा | विभा देवी | राजद | भाजपा | 
| जमुई (एससी) | भूदेव चौधरी | रालोसपा | लोजपा | 
महागठबंधन की प्रेस वार्ता से पहले कांग्रेस ने 12 उम्मीदवार घोषित किए थे। इनमें बिहार की चार सीटों- सुपौल, समस्तीपुर, मुंगेर और सासाराम के प्रत्याशी भी थे। 12 उम्मीदवारों की सूची में कांग्रेस ने ओडिशा से सात और उत्तरप्रदेश से एक उम्मीदवार के नाम का ऐलान किया था।
बिहार के अलावा कांग्रेस के बाकी 8 उम्मीदवार
| सीट | उम्मीदवार | 2014 में कौन जीता | 
| क्योंझर, ओडिशा | फकीर मोहन नाइक | बीजद | 
| बालासोर, ओडिशा | नवज्योति पटनायक | बीजद | 
| बद्रक (एससी), ओडिशा | मधुमिता सेठी | बीजद | 
| ढेंकानाल, ओडिशा | ब्रिगेडियर केपी सिंहदेव | बीजद | 
| केंद्रपाड़ा, ओडिशा | धरनीधर नायक | बीजद | 
| जगतसिंहपुर (एससी), ओडिशा | प्रतिमा मलिक | बीजद | 
| पुरी, ओडिशा | सत्यप्रकाश नायक | बीजद | 
| महाराजगंज, उत्तरप्रदेश | सुप्रिया श्रीनेत | भाजपा | 
उत्तरप्रदेश में मधुमिता हत्याकांड के दोषी की बेटी का टिकट 12 घंटे में कटा
कांग्रेस ने महाराजंगज सीट से अपना प्रत्याशी 12 घंटे में बदल दिया। पार्टी ने गुरुवार रात यहां से हत्या के मामले में जेल की सजा काट रहे राज्य के पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी की बेटी तनुश्री को टिकट दिया था। अब इस सीट से उनकी जगह सुप्रिया सुनेत के नाम का ऐलान किया है। अमरमणि, कवियत्री मधुमिता शुक्ला हत्याकांड में दोषी है।विधायक अमनमणि उसका बेटा है और पत्नी की हत्या के आरोप में वह भीजेल जा चुका है। चौंकाने वाली बात यह है कि तनुश्री को कांग्रेस से पहले शिवपाल यादव की पार्टी प्रगतिशील (लोहिया) ने महाराजगंज से ही टिकट दिया था।
उर्मिला मातोंडकर की उम्मीदवारी पर भी मुहर
हाल ही कांग्रेस की सदस्यता लेने वाली बॉलीवुड अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर का भी कांग्रेस के टिकट पर मुंबई उत्तर से चुनाव लड़ना तय हो गया है। शुक्रवार को पार्टी ने अलग से पत्र जारी कर उनके नाम का ऐलान किया।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

	