टिहरी गढ़वाल ने उत्तराखंड को दी थी राज्य की पहली महिला सांसद


टिहरी गढ़वाल.उत्तराखंड को पहली महिला सांसद 2012 के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी माला राज्य लक्ष्मी शाह के रूप में मिली थीं। 2014 के आम चुनाव में वह फिर जीतीं और 2019 के महामुकाबले के लिए पार्टी ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया। इस सीट पर भाजपा और कांग्रेस का ही दबदबा रहा है। कभी कांग्रेस की ओर से विजय बहुगणा भाजपा को टक्कर देते थे, पर अब वह भाजपा मेंहैं। इस बार कांग्रेसने पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह को मैदान में उतारा है।

10 बार कांग्रेस 7 बार भाजपा जीती
टिहरी गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र उत्तराखंड के देहरादून, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी जिलों में फैला है। टिहरी गढ़वाल सीट की राजनीति भाजपा और कांग्रेस के इर्द-गिर्द ही घुमती रही है। चुनाव और उपचुनाव मिलाकर यहां 18 बार मतदान हुआ, इसमें जनता ने 10 बार कांग्रेस को चुना, जबकि 7 बार भाजपा को मौका मिला। 1977 में इस सीट पर जनता पार्टी को जीत मिली थी।

जानिए,उत्तराखंड की पहली महिला सांसद को
टिहरी गढ़वाल सीट पर भाजपा की माला राज्य लक्ष्मी शाह मौजूदा सांसद हैं। माला राज्यलक्ष्मीका जन्म नेपाल की राजधानी काठमांडू में हुआ था।उत्तराखंड भाजपा की प्रमुख महिला नेत्रियों में शुमार राज्य लक्ष्मी शाह उत्तराखंड की पहली महिला लोकसभा सांसद हैं। वे टिहरी के पूर्व शाही परिवार के वंशज मानवेंद्र शाह की बहू हैं। मानवेंद्र शाह ने कांग्रेस और भाजपा के टिकटों पर इस सीट पर रिकॉर्ड आठ बार जीत हासिल की।

क्षेत्र का राजनीतिक गणित
टिहरी गढ़वाल लोकसभा सीट में विधानसभा की 14 सीटें आती हैं। चकराता, देहरादून कैंट, मसूरी, रायपुर, राजपुर रोड़, साहसपुर, विकासनगर, धनौल्टी, घंसाली, प्रतापपुर, टिहरी, गंगोत्री, और पुरोला। 2017 के विधानसभा चुनाव में पुरोला और चकराता सीट पर कांग्रेस ने कब्जा किया था। धनौल्टी सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत हासिल की थी।बाकी 11 सीटों पर भाजपा ने कब्जा जमाया।

19 लाख से अधिक आबादी 13 लाख से ज्यादा वोटर
2011 की जनगणना के मुताबिक यहां की जनसंख्या 19 लाख 23 हजार 454 थी। यहां की आबादी का लगभग 62 फीसदी आबादी गांवों में रहती है, जबकि 38 फीसदी हिस्सा शहरों में निवास करती है। इलाके में अनुसूचित जाति का आंकड़ा 17.15 प्रतिशत है, जबकि अनुसूचित जनजाति का हिस्सा 5.8 प्रतिशत है। पिछले लोकसभा चुनाव में यहां कुल 7 लाख 12 हजार 39 पुरुष मतदाता थे, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 6 लाख 40 हजार 806 थी। कुल 13 लाख 52 हजार 845 मतदाता थे। 2017 में हुए विधानसभा चुनाव के मुताबिक इस सीट पर 14 लाख 51 हजार 457 मतदाता हैं।

टिहरी गढ़वाल लोकसभा:

साल जीते पार्टी
1952 कमलेंदुमति शाह कांग्रेस
1957 मानबेंद्र शाह कांग्रेस
1962 मानबेंद्र शाह कांग्रेस
1967 मानबेंद्र शाह कांग्रेस
1971 परिपूर्णानंद पेनुअली कांग्रेस
1977 तर्पण सिंह नेगी जनता पार्टी
1980 तर्पण सिंह नेगी कांग्रेस
1984 ब्रह्म दत्त कांग्रेस
1989 ब्रह्म दत्त कांग्रेस
1991 मानबेंद्र शाह भाजपा
1996 मानबेंद्र शाह भाजपा
1998 मानबेंद्र शाह भाजपा
1999 मानबेंद्र शाह भाजपा
2004 मानबेंद्र शाह भाजपा
2007(उप चुनाव) विजय बहुगुणा कांग्रेस
2009 विजय बहुगुणा कांग्रेस
2012(उपचुनाव) माला राज्य लक्ष्मी शाह भाजपा
2014 माला राज्य लक्ष्मी शाह भाजपा

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें


भाजपा प्रत्याशी माला राज्य लक्ष्मी शाह और कांग्रेस प्रत्याशी प्रीतम सिंह।